श्रीलंका के 40 वरिष्ठ सिविल अधिकारियों ने भारतीय राष्ट्रीय सुशासन केंद्र एनसीजीजी में 22 सितंबर से 3 अक्टूबर तक एक विशेष क्षमता-विकास कार्यक्रम में भाग लिया। यह कार्यक्रम ‘स्वच्छ शहर, बेहतर भविष्य: क्षेत्रीय अनुभवों के साथ शहरी श्रीलंका का रूपांतरण’ विषय पर आधारित था। इसकी जानकारी आज श्रीलंका में भारत के उच्चायोग ने दी।
यह कार्यक्रम श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके द्वारा जनवरी 2025 में घोषित स्वच्छ श्रीलंका पहल और भारत में स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत स्वच्छता ही सेवा 2025 अभियान के साथ तालमेल से किया गया था।
यह एनसीजीजी और श्रीलंका विकास प्रशासन संस्थान के बीच दिसंबर 2024 में हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन के तहत पाँचवाँ क्षमता निर्माण कार्यक्रम था, जिसका उद्देश्य पाँच वर्षों की अवधि में 1500 श्रीलंकाई सिविल सेवा अधिकारियों को प्रशिक्षित करना था। इस कार्यक्रम के साथ, एमओयू के तहत प्रशिक्षित अधिकारियों की कुल संख्या 201 तक पहुँच गई।
